चंपावत: जिले के बनबसा से एक दुखद खबर सामने आई है. चंपावत एसओजी के जवान की जिम में एक्सरसाइज करने के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से मौत हो गई. मृतक जवान बनबसा का ही निवासी था, बनबसा स्थित एक जिम में वो बीते सायं व्यायाम कर रहा था. इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई, जवान को तत्काल खटीमा निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. जवान की मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है. वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है और घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है. लोग मृतक के परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं.
गिरीश भट्ट की मृत्यु की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. गिरीश भट्ट की पत्नी गृहणी है और उनके दो बेटे हैं. गिरीश मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के रहने वाले हैं. जवान के मौत की खबर के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है. मृतक जवान गिरीश एसओजी चंपावत के तेज तर्रार जवानों में एक थे, पुलिस के महत्वपूर्ण अभियानों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी. फिलहाल मृतक जवान का बनबसा के शारदा घाट शमशान में नम आंखों से अंतिम संस्कार कर दिया गया है.
