हल्द्वानी। चोरगलिया थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में घर के बीचोंबीच बन रहे पानी के टैंक में उतरने से मां और उसके दो बेटों की दर्दनाक मौत हो गई।
तीनों एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में टैंक के भीतर उतरे और बेहोश हो गए। एक अन्य व्यक्ति भी उन्हें बचाने के दौरान अचेत हो गया, जिसे ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे निर्माणाधीन टैंक के भीतर लगी शटरिंग हटाने के लिए सबसे पहले 38 वर्षीय धर्म सिंह बिष्ट नीचे उतरे।
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनका छोटा भाई 34 वर्षीय खुशाल सिंह बिष्ट उन्हें देखने टैंक में गया, लेकिन वह भी बेहोश हो गया। दोनों को नहीं निकलता देख 59 वर्षीय मां सरस्वती देवी भी टैंक में उतर गईं और वह भी गैस की चपेट में आ गईं।
इसी दौरान बटाई पर खेती करने वाले व सब्जी विक्रेता भोजराज भी उन्हें निकालने के लिए टैंक में उतरे, लेकिन वह भी अचेत हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाल लिया।
इसके बाद टैंक की छत का एक हिस्सा तोड़कर भीतर भरी गैस बाहर निकाली गई। सरस्वती देवी और दोनों बेटों को डा. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
स्वजन बालम बिष्ट ने बताया कि धर्म सिंह और खुशाल सिंह के पिता भीम सिंह की कुछ समय पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। धर्म सिंह प्लंबर के साथ खेती-बाड़ी करते थे, जबकि खुशाल सिंह सितारगंज की एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

