देहरादून। शिवगंगा एनक्लेव जन कल्याण समिति के शिव मंदिर परिसर में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष श्री कृपाल सिंह बिष्ट ने समिति के वरिष्ठ सदस्यों के साथ सामूहिक रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण, मातृशक्ति, युवा वर्ग तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। मातृशक्ति द्वारा सामूहिक रूप से देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए गए। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के सचिव श्री निशीथ सकलानी एवं श्री कुलदीप सिंह बिष्ट द्वारा किया गया। वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में समिति के उपाध्यक्ष श्री कमल सिंह गुसाईं का विशेष योगदान रहा।
बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से उत्साहित होकर समिति की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।
राष्ट्रभक्ति, उत्साह और उल्लास से सराबोर इस कार्यक्रम का समापन जय हिंद और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ हुआ।


